पिंकसिटी प्रेस क्लब, जयपुर के 35वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को आयोजित मुख्य समारोह में पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास अठावले, डिप्टी सीएम दिया कुमारी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ और सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा शामिल हुए। समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को लाइफ टाइम अचीवमेंट और बेस्ट जर्नलिस्ट अवॉर्ड प्रदान किए गए। प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीणा और महासचिव राजकुमार शर्मा ने बताया कि दैनिक नवज्योति के मुख्य संवाददाता और वरिष्ठ पत्रकार एलएल शर्मा को पत्रकारिता में अतुलनीय योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया। इनके अलावा प्रेम शर्मा, जसविंदर बल, कुंजेश पतसरिया, शिवदयाल मिश्रा और राजेश पारीक को भी इस सम्मान से नवाजा गया। दैनिक भास्कर को मिले चार अवॉर्ड प्रिंट मीडिया श्रेणी में दैनिक भास्कर के मदन कलाल और सुभाष बंसल, दैनिक नवज्योति के अरुण गुप्ता तथा मॉर्निंग न्यूज के विनोद शर्मा को सम्मानित किया गया। वहीं डिजिटल श्रेणी में निखिल सिंह को बेस्ट रिपोर्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. मिथिलेश जैमिनी को बेस्ट जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर और समाचार प्लस के सुधांशु माथुर को बेस्ट एडिटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड दिया गया। कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय पत्रकारिता के लिए राहुल शर्मा गौतम को उत्कृष्टता सम्मान प्रदान किया गया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया श्रेणी में आजतक के शरत कुमार, न्यूज18 भारत के वरिष्ठ पत्रकार भवानी सिंह देवड़ा, ध्वज आर्य, भारत दीक्षित, जितेश जेठानंदानी और पीयूष शर्मा को बेस्ट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अवॉर्ड दिया गया। वीडियो जर्नलिस्ट श्रेणी में दिनेश शर्मा और दिनेश सविता को सम्मानित किया गया। इन फोटो जर्नलिस्ट को दिया अवॉर्ड फोटो जर्नलिस्ट श्रेणी में फर्स्ट इंडिया के संतोष शर्मा, सच बेधड़क के पंकज शर्मा और दैनिक भास्कर के दीपक सैनी को पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं, फोटो प्रदर्शनी के संयोजन के लिए सुनील शर्मा और महेश आचार्य को सम्मानित किया गया। प्रेस क्लब के विकास में सहयोग का आश्वासन केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने पिंकसिटी प्रेस क्लब को और भव्य रूप देने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग दिलाने की बात कही। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा- पत्रकार समाज का आईना होते हैं। उन्होंने सम्मानित पत्रकारों को बधाई देते हुए क्लब के सभी सदस्यों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने भी पत्रकारों को बधाई दी और प्रेस क्लब के सहयोग का आश्वासन दिया। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने विधायक कोष से क्लब को सहयोग देने की बात दोहराई। समारोह में वरिष्ठ पत्रकार एवं क्लब के संस्थापक सदस्य प्रवीण चंद छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में युवा और वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।