भास्कर न्यूज | टोंक राज्य सरकार के हरियालो राजस्थान–एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत सरकारी मेडिकल कॉलेज परिसर में शुक्रवार को वृहद पौधारोपण महाअभियान आयोजित हुआ। सीएमएचओ डॉ. शैलेंद्र सिंह चौधरी मुख्य अतिथि रहे तो कॉलेज प्राचार्य डॉ. लोकेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता की परिसर में कई प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संकाय सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ, अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर अभियान में भागीदारी निभाई। सीएमएचओ डॉ. शैलेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण का संकल्प है। सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील भी की गई। प्राचार्य डॉ. लोकेन्द्र शर्मा ने कहा कि चिकित्सा संस्थानों की भूमिका केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ समाज के लिए स्वच्छ व हरित वातावरण तैयार करना भी उनकी सामाजिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों और कर्मचारियों से प्रत्येक साल कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण, हरित पर्यावरण और हरियालो राजस्थान अभियान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।