NCP-SP प्रमुख शरद पवार को बुधवार को नियमित मेडिकल जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें एक दिन पहले ही पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी मिली थी। पवार को खांसी और सांस लेने पर सीने में दर्द की शिकायत के बाद 2 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीएम मोदी ने पवार को अस्पताल में भर्ती कराए जाने पर उनसे फोन पर बात की थी। उन्होंने पवार से कहा कि सुप्रिया अब तैयार हैं। सुप्रिया और हम मिलकर देश संभालेंगे। आप आराम कीजिए। शरद पवार और पीएम की ओर से इस बातचीत की पुष्टि नहीं की गई है। यह जानकारी पवार के करीबी विट्ठल मनियार ने मीडिया से बात करते हुए दी। विट्ठल के मुताबिक पवार ने जवाब दिया- मैं आराम कर रहा हूं। जब आप सभी साथ हैं, तो मुझे देश की कोई चिंता नहीं है। दरअसल, रविवार को NCP के कई बड़े नेता डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ के बिना गृह मंत्री शाह से मिले थे। इसके बाद कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में पार्टी के दोनों धड़ों के विलय की खबर आई थी। हालांकि, पार्टी ने इन्हें खारिज कर दिया। अमित शाह से मुलाकात के बाद बढ़ी विलय की चर्चा NCP के वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। कुछ मीडिया रिपोट्स ने दावा किया था की नेताओं ने सुनेत्रा पवार और उनके बेटे, राज्यसभा सांसद पार्थ पवार के एकतरफा फैसलों को लेकर चिंता जताई थी। हालांकि, NCP ने सोमवार को मुंबई में हुई कोर कमेटी की बैठक के बाद विलय की संभावना खारिज कर दी। महाराष्ट्र NCP अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा, 'हम सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में मिलकर काम करेंगे। NCP (शरदचंद्र पवार) के साथ विलय की संभावना खारिज कर दी गई है।' मोदी-पवार के निजी रिश्ते मजबूत मोदी और पवार के बीच रिश्ते सौहार्दपूर्ण रहे हैं। हालांकि चुनावी राजनीति के मंच पर दोनों एकदूसरे पर तीखे हमले करने से नहीं चूकते। पीएम मोदी ने 2015 में बारामती दौरे के दौरान सार्वजनिक रूप से शरद पवार के लंबे राजनीतिक अनुभव की प्रशंसा की थी। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद मोदी सरकार ने 2017 में शरद पवार को देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा था। शरद पवार देश के उन चुनिंदा विपक्षी नेताओं में गिने जाते हैं, जिनका प्रधानमंत्री से सीधा संपर्क है। वे राष्ट्रीय मुद्दों या महाराष्ट्र के प्रशासनिक संकटों पर अक्सर पीएम मोदी से वन-टू-वन मुलाकात करते हैं। शरद पवार ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती शरद पवार को बुधवार को आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी बेटी और पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। करीब 4 घंटे पहले ही शरद पवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी दे दी गई थी। सीने में सांस लेने के दौरान होने वाले दर्द (प्ल्यूरिटिक पेन) की शिकायत के बाद उन्हें दो दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। ------------------ ये खबर भी पढ़ें… शरद पवार अस्पताल में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत: हालत स्थिर, लेकिन हॉस्पिटल में ही रहेंगे; 85 साल के नेता कैंसर सर्वाइवर हैं NCP (SP) प्रमुख शरद पवार को सोमवार को पुणे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें सांस लेने पर बढ़ने वाले सीने के दर्द की शिकायत थी। 85 साल के पवार को खांसी होने के बाद पुणे के प्राइवेट हॉस्पिटल रूबी हॉल क्लिनिक लाया गया। उनकी बेटी, बारामती सांसद और NCP (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने यह जानकारी दी। सुले के मुताबिक, पवार के मेडिकल टेस्ट चल रहे हैं। उनके स्वास्थ्य से जुड़े सभी पैरामीटर स्थिर हैं। पढ़ें पूरी खबर…