टोंक | शहर के घंटाघर से पंचकुईयां दरवाजा, चतुर्भुज तालाब रोड स्थित कब्रिस्तान के सामने नाली की सफाई के लिए सड़क खोदी गई, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद गड्ढों को नहीं भरा गया। इससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो रहा है और राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों से सड़क पर गहरे गड्ढे खुले पड़े हैं। विशेषकर रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों के गिरने और दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। आरोप है कि संबंधित विभाग ने सफाई कार्य तो करा दिया, लेकिन सड़क की मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिया। लोगों ने प्रशासन से जल्द गड्ढे भरवाकर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके और आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। - अशोक, टोंक