भास्कर न्यूज |कंजौली दीपोत्सव पर निर्बाध बिजली आपूर्ति और रबी फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डिस्कॉम की ओर से क्षेत्र में मेंटेनेंस अभियान चलाया जा रहा है। सहायक अभियंता एईएन यूसुफ खान, नांगल शेरपुर के निर्देश पर कनिष्ठ अभियंता जेईएन बृजेश मीणा की देखरेख में विभागीय तकनीकी टीम और ठेकेदार द्वारा भोपुर, लालारामपुरा, सहजनपुर, गाजीपुर और कंजौली सहित आसपास के गांवों में बिजली लाइनों के सुधार और रखरखाव का काम किया जा रहा है। अभियान के तहत मुख्य सड़कों और रास्तों के ऊपर से गुजरने वाली ढीली विद्युत लाइनों और क्षतिग्रस्त केबलों को व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि आवागमन के दौरान दुर्घटना का खतरा कम हो। जिन स्थानों पर दो खंभों के बीच अधिक दूरी होने से तार नीचे लटक रहे हैं, वहां बीच में नए बिजली पोल लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही झुके हुए खंभों को सीधा करने, ढीले तारों को कसने, जर्जर इंसुलेटर बदलने और बिजली लाइनों के संपर्क में आ रही पेड़ों की टहनियों की छंटाई का काम भी किया जा रहा है। इससे स्पार्किंग, लाइन फॉल्ट और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका कम होगी। जेईएन बृजेश मीणा ने बताया कि एईएन यूसुफ खान के मार्गदर्शन में विद्युत तंत्र को मजबूत करने के लिए जरूरी सुधार कार्य करवाए जा रहे हैं। इस समय खेतों में रबी फसलों की बुवाई का दौर चल रहा है। ऐसे में किसानों को निर्धारित ब्लॉक के अनुसार सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। दीपोत्सव के दौरान घरेलू फीडरों और ट्रांसफार्मरों में तकनीकी खराबी से बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए मेंटेनेंस कार्य समय पर पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान से भोपुर, लालारामपुरा, सहजनपुर, गाजीपुर और कंजौली सहित आसपास के गांवों में लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और बार-बार बिजली गुल होने जैसी समस्याओं में राहत मिलने की उम्मीद है।