प्रतापगढ़ की अरनोद थाना पुलिस ने 259 ग्राम ब्राउन शुगर और 395 ग्राम केमिकल पाउडर जब्त किया है। पुलिस ने बाइक सवार गणेशलाल मीणा (25) को गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थों की कीमत करीब 80 लाख रुपए बताई गई है। नाकाबंदी के दौरान पकड़ा पुलिस के मुताबिक, टीम नौगावां पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान नौगावां की तरफ से एक बाइक आई। नाकाबंदी देखकर चालक ने बाइक भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान गणेशलाल मीणा, निवासी छिदड़ी-महुड़ी बी, प्रतापगढ़ के रूप में बताई। तलाशी में एक प्लास्टिक की थैली से 259 ग्राम ब्राउन शुगर और दूसरी थैली से 395 ग्राम हल्के पीले रंग का केमिकल पाउडर मिला। पुलिस ने दोनों पदार्थ और परिवहन में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली। अरनोद थाने में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।