प्रतापगढ़ में रविवार को वसीठा धोबी समाज की आराध्य देवी महामाया गादी माता की शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा धोबी चौक स्थित गादी माता मंदिर परिसर से ढोल-नगाड़ों और बैंड बाजों के साथ शुरू हुई। वसीठा धोबी समाज के जिला प्रवक्ता दिलीप मदनलाल टांक और आई माता वसीटा धोबी समाज के जिला अध्यक्ष मदन लाल बरोलिया ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी भादवी बीज के मौके पर यह शोभायात्रा निकाली गई। रामकुंड पर हुई आरती शोभायात्रा गादी माता मंदिर परिसर से शुरू होकर कुम्हारवाड़ा, बावड़ी मोहल्ला, सूरजपोल और गांधी चौराहा से होते हुए रामकुंड मंदिर परिसर पहुंची। यहां मंदिर के पुजारी और समाज के वरिष्ठजनों ने गादी माता के सामने रखे कलश की पूजा-अर्चना की। रामकुंड के जल से कलश भरकर आरती की गई। इसके बाद शोभायात्रा गांधी चौराहा, सदर बाजार और पिपली चौक से होते हुए वापस अपने शुरुआती स्थल पर पहुंची। पहले जोधपुर में निकलती है यात्रा वसीठा धोबी समाज की आराध्य देवी आई माता गादी माता की भादवी बीज पर पहली प्रदेश स्तरीय शोभायात्रा जोधपुर से 12 किलोमीटर पहले बिलाड़ा गांव में निकलती है। इसके बाद प्रतापगढ़ में ही गादी माता की शोभायात्रा निकाली जाती है। इस तरह प्रतापगढ़ की शोभायात्रा दूसरे नंबर पर आती है। इस बार शोभायात्रा में पहली बार श्री ज्वालामाता मंदिर, लखनऊ के पीठाधीश्वर अशोक महाराज शामिल हुए। धोबी समाज में जन्मे अशोक महाराज ने प्रतापगढ़ आकर समाजजनों को आशीर्वचन दिए।