प्रतापगढ़ शहर के दशहरा मैदान में मंगलवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। रावण दहन देखने के लिए शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस बार 71 फीट ऊंचे रावण और कुंभकरण के पुतले आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, रावण के मुंह से जोड़ी गई 20 फीट लंबी बीड़ी के जरिए धूम्रपान मुक्ति का संदेश दिया गया। रावण के मुंह से जोड़ी 20 फीट लंबी बीड़ी नगर परिषद की ओर से तैयार रावण के पुतले के मुंह से 20 फीट लंबी बीड़ी जोड़ी गई थी। इसके साथ पटाखों की व्यवस्था भी की गई थी। नगर परिषद सभापति ज्योति चंदन सोनी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को धूम्रपान और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। रावण के पुतले के जरिए सामाजिक जागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया गया। एक घंटे तक हुई रंगारंग आतिशबाजी रावण दहन से पहले करीब एक घंटे तक रंगारंग आतिशबाजी हुई। इलेक्ट्रॉनिक पटाखों और अन्य राज्यों से मंगवाए गए पटाखों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। आतिशबाजी देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। नगर परिषद ने किए व्यवस्थाओं के इंतजाम कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को देखते हुए नगर परिषद की ओर से मैदान में आकर्षक लाइटिंग के साथ छाया और पानी की व्यवस्था की गई थी। शहर और आसपास के इलाकों से आए लोगों ने आतिशबाजी और रावण दहन का आनंद लिया।