प्रतापगढ़ में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की ओर से जनजाति बालिका खेल अकादमी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को आत्मरक्षा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और राजकॉप सिटिजन एप के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़, एएसपी जयदेव सियाग और बलवीर सिंह के निर्देश पर आयोजित किया गया। साइबर ठगी होने पर 1930 हेल्पलाइन पर करें शिकायत कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर ठगी के तरीकों और उनसे बचने के उपायों के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने कहा कि किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। आपातकालीन सहायता के लिए 112, बाल सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला सुरक्षा से जुड़ी सहायता के लिए गरिमा हेल्पलाइन 1090 की जानकारी भी दी गई। सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की दी सलाह पुलिस टीम ने छात्राओं को सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी से करने और ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्हें समझाया गया कि सोशल मीडिया के जरिए होने वाली आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही अपराधों में शामिल होने पर होने वाली कानूनी कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट-2012 और ऑपरेशन संस्कार के बारे में भी जानकारी दी गई। हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील कार्यक्रम में यातायात सुरक्षा को लेकर भी जागरूक किया गया। छात्राओं से सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की गई। पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार को लेकर जरूरी सावधानियां अपनाने का संदेश दिया।