प्रतापगढ़ में रामनवमी के अवसर पर प्रतापगढ़ जिले और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने घरों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कन्या पूजन किया। छोटी कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर तिलक लगाया गया, भोजन कराया और दक्षिणा व उपहार भेंट किए गए। कई घरों में हवन-यज्ञ का आयोजन भी हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। त्योहार को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। खेड़ी माताजी मंदिर में दिनभर रही भीड़ रामनवमी पर खेड़ी माताजी स्थित प्रसिद्ध चामुंडा माता मंदिर में भी धार्मिक कार्यक्रम हुए। सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना शुरू हो गई। दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और माता के समक्ष शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। अहिंसा का दिया संदेश मंदिर में परंपरा के अनुसार कद्दू की बलि दी गई। इस परंपरा में जीवों की बलि के स्थान पर कद्दू अर्पित किया जाता है, जिसे अहिंसा के संदेश से जोड़कर देखा जाता है। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन सहित अन्य धार्मिक आयोजन हुए। देर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और माहौल भक्तिमय रहा।