धमोत्तर थाना क्षेत्र के डलमू मानपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक युवक ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान ईश्वर लाल (24) पुत्र कालूराम मीणा के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई जब उन्होंने युवक को फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलते ही धमोत्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मॉर्च्युरी में रखवाया गया। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे मृतक के पिता कालूराम मीणा ने अस्पताल की मॉर्च्युरी में रिपोर्ट दर्ज करवाई। हेड कॉन्स्टेबल भेरूलाल ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम करवाया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि ईश्वर लाल शादीशुदा था और उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक छोटी बच्ची भी है। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।