प्रतापगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 साल से फरार 5000 रुपए के इनामी बदमाश फिरोज खान को गिरफ्तार किया है। फिरोज जिला स्तरीय टॉप टेन वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था और उसके खिलाफ उदयपुर रेंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत 5-6 मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जौधा और वृत्ताधिकारी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में जलोदा जागीर थानाधिकारी पूराराम पु.नि. और उनकी टीम ने फिरोज को गिरफ्तार किया। वह छोटीसादड़ी थाने में 155 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त किए जाने के मामले में वांछित था। यह मामला 22 मई 2024 का है। उस समय तत्कालीन थानाधिकारी अनिल देवल ने कारंडा चौराहा पर गश्त के दौरान कुशालपुरा निवासी पप्पूबाई मीणा से 155 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की थी। पप्पूबाई को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान जलोदा जागीर थानाधिकारी ने खुलासा किया कि जब्त की गई ब्राउन शुगर फिरोज खान (38), पुत्र हमीद खान, निवासी बीरियाखेड़ी (हाल मुकाम ऊंचा, पुलिस थाना सदर निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़) ने मंगवाई थी। पुलिस अब फिरोज से जब्त ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।