प्रतापगढ़ में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत धमोतर थाना पुलिस ने 785 किलो अवैध अफीम डोडाचूरा तस्करी के मामले में एक साल से फरार आरोपी सुनील मीणा (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्यप्रदेश के नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र के गमेरपुरा गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ राजस्थान के पांच जिलों और मध्यप्रदेश के नीमच में एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के कुल 19 मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देश पर धमोतर थानाधिकारी घीसूलाल की टीम ने कार्रवाई की। आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। कंटेनर से जब्त हुआ था 785 किलो डोडाचूरा पुलिस के अनुसार, 5 मई 2025 को छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर से 39 कट्टों में भरा 785 किलो डोडाचूरा जब्त किया था। इस दौरान कंटेनर चालक रामलाल जाट को मौके से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में रामलाल ने बताया था कि डोडाचूरा सुनील मीणा और उसके साथियों ने भरवाया था। इसके बाद से सुनील फरार चल रहा था। पुलिस अब आरोपी से तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।