प्रतापगढ़| बिजलीकर्मियों को फील्ड में काम करते समय होने वाले हादसों से बचाने के लिए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) के प्रतापगढ़ वृत्त में चार दिवसीय लाइनमैन प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। शुक्रवार को प्रशिक्षण के तीसरे दिन नेशनल फेडरेशन ऑफ इंजीनियर्स फॉर इलेक्ट्रिकल सेफ्टी (एनएफई) उदयपुर के सहयोग से बिजली सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम हुआ। प्रशिक्षण में एनएफई के विशेषज्ञों ने बिजली लाइनों पर काम करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और तकनीकी प्रोटोकॉल की जानकारी दी। वृत्त अधीक्षण अभियंता आरएस यादव ने बिजली सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर जोर दिया। एनएफई उदयपुर के अध्यक्ष चयवंती कुमार बोलिया और फैकल्टी गौरांग शाह ने शटडाउन, आइसोलेटर, अर्थिंग, सुरक्षा उपकरणों, प्राथमिक चिकित्सा और सीपीआर के बारे में बताया। कर्मचारियों को लाइन पर काम शुरू करने से पहले शटडाउन की पुष्टि, तीन बार ब्लेड कटिंग, लाइन को अर्थ करने और काम पूरा होने पर परमिट के जरिए सप्लाई बहाल करने की प्रक्रिया समझाई गई। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नपत्र के जरिए ज्ञान का आकलन किया गया।