नागौर| महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) बख्त सागर में प्री-प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए बाल मेला उत्साह के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम प्रभारी दीनाराम ने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों को विद्यालयी परिवेश से जोड़ते हैं और रचनात्मकता व व्यावहारिक समझ विकसित करते हैं। सह-प्रभारी संतोष चारण के अनुसार बच्चों ने क्ले-आर्ट, मॉडल और खिलौने तैयार किए, जबकि विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया गया। प्रधानाचार्य बलवीर कुमार शर्मा ने सह-शैक्षणिक गतिविधियों की अहमियत बताते हुए बच्चों को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। मुख्य वक्ता जावेद गौरी ने माता-पिता के सम्मान का संदेश दिया। मुख्य अतिथि पार्षद प्रहलाद राम नायक ने मोबाइल का संयमित उपयोग करने को कहा और विद्यालय को 15 कुर्सियां भेंट कीं। मंच संचालन बजरंग सांखला ने किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के जितेंद्र प्रजापत, रूप सिंह सांखला, अमीर मलिक, रविन्द्र डिडेल, विजयलक्ष्मी पारीक, नाथूराम चोटिया, शिकुनराम चौधरी, सुरेंद्र मिर्धा, तेजवीर सिंह, संपत, रुचिका सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।