भास्कर संवाददाता | चूरू राजस्थान समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव को लेकर जिला परिषद सभागार में जिला स्तर पर जनसुनवाई की गई। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, कलेक्टर अभिषेक सुराणा सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सुझाव दिए। राठौड़ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समान नागरिक संहिता के संबंध में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। जनसुझाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और प्राप्त सुझाव नीति निर्माण की दिशा में उपयोगी सिद्ध होंगे। विधायक सहारण, असगर अली, अख्तर खान, मनीराम लांबा, संदीप कस्वां व संजय ख्यालिया आदि ने समान नागरिक संहिता के आयामों को लेकर चर्चा करते हुए समाज के सभी वर्गों की भावनाओं व आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी, समावेशी व व्यावहारिक प्रावधानों, सामाजिक समरसता, न्याय, महिला सशक्तिकरण, पारिवारिक कानूनों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव व विचार साझा किए। कलेक्टर ने बताया कि आमजन ऑनलाइन माध्यम से भी पोर्टल https://ucc.rajastha n.gov.in पर जाकर अपने सुझाव दर्ज कर सकते हैं। बसंत शर्मा, वासुदेव चावला, पदमसिंह राठौड़, दीनदयाल सैनी, सुशील लाटा, सुरेश सारस्वत, सत्तार खान, एडीएम अर्पिता सोनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्वेता कोचर आदि मौजूद थे।