श्रीगंगानगर| रेलवे में यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता की जांच अब स्वतंत्र एजेंसी करेगी। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम व भारतीय गुणवत्ता परिषद के बीच हुए समझौते के तहत ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों की खानपान इकाइयों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर प्रस्तुत करनी होगी। भारतीय गुणवत्ता परिषद(क्यूसीआई) के प्रमाणित विशेषज्ञ निर्धारित अंतराल पर खानपान इकाइयों की जांच करेंगे। मोबाइल एप के जरिए स्थान, समय व तस्वीरों सहित डिजिटल साक्ष्य दर्ज किए जाएंगे। नई व्यवस्था में रसोई की स्वच्छता,खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण,शाकाहारी और मांसाहारी सामग्री को अलग रखने,भोजन का उचित तापमान बनाए रखने और कीट नियंत्रण की व्यवस्था परखी जाएगी।