भीलवाड़ा में बजरे से भरे डंपर ने बाइक सवार तीन दोस्तों को कुचल दिया। सिर फटने से एक युवक की मौत हो गई, वहीं दो के पैर टूट गए। घटना की सूचना के बाद हॉस्पिटल पहुंचे लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया। बजरी माफिया के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई और मुआवजा देने की मांग की। हादसा सदर थाना क्षेत्र में सावाईपुर के पास बुधवार (6 मई) की रात करीब 12 बजे हुआ। दुकान से घर लौटते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीन युवक भीलवाड़ा में कपड़े की दुकान का काम खत्म कर गांव पोंडरास लौट रहे थे। इसी दौरान सावाईपुर के पास तेज रफ्तार बजरी से भरे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्राइवेट वाहन से भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां बाइक चला रहे किशन सिंह (25) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, नरेंद्र सिंह (28) और करण सिंह (27) के पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है। मॉर्च्युरी के बाहर ग्रामीणों का प्रदर्शन, बजरी माफिया पर आरोप हादसे की जानकारी मिलते गुरुवार (7 मई) की सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र से अवैध बजरी से भरे वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिसके कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं। आर्थिक सहायता और सख्त कार्रवाई की मांग, धरना जारी प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और बजरी माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल अस्पताल के बाहर ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन जारी है।