तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ की सेन समाज को लेकर की गई टिप्पणी पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने माफी मांगी। सेन समाज का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को विधायक बालकनाथ की शिकायत लेकर प्रदेश बीजेपी कार्यालय पहुंचा था। समाज के लोगों से मुलाकात के बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- मुझसे सेन समाज के लोग मिलने आए थे। मैंने उनसे कहा कि मैं इस परिवार का मुखिया होने के नाते सॉरी कहता हूं। उन्होंने कहा- हालांकि मैंने संबंधित नेता (बालकनाथ) को जो कहना चाहिए था, वो कहा भी है। जब समाज के लोग यहां आए तो परिवार का मुखिया होने के नाते मैं ही सॉरी कहूंगा। समाज हमेशा बड़ा होता है। किसी भी समाज के लिए ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए। बता दें कि 1 मई की रात को विधायक महंत बालकनाथ टपूकड़ा कस्बे में चल रहे इंटलॉकिंग टाइल बिछाने के काम का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान क्वालिटी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई थी। जेईएन छोटेलाल मीणा को फोन कर खरी-खोटी सुनाई थी। उन्होने अधिकारी से कहा- तुम नाई हो या जेईएन, बीटेक किया है या कुछ और..? समाज के लोगों ने विधायक के बायकॉट की दी थी चेतावनी बीजेपी कार्यालय पहुंचे सेन समाज के लोगों ने कहा- सेन समाज हमेशा बीजेपी का कोर वोटर रहा है। एक सनातनी विधायक के मुंह से इस तरह की टिप्पणी की हमें अपेक्षा नहीं थी। सेन समाज जयपुर के अध्यक्ष सुखदेव सेन ने कहा- प्रदेशाध्यक्ष ने हमें आश्वस्त किया है कि विधायक बालकनाथ अपने शब्दों पर खेद प्रकट कर देंगे। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो सेन समाज उनका बायकॉट करेगा। विधायक बिहानी पर भी मारपीट का आरोप वहीं दूसरी ओर 30 अप्रेल को श्रीगंगानगर में विधायक जयदीप बिहानी पर अधिकारियों के साथ मारपीट करने के आरोपों को लेकर मदन राठौड़ ने कहा- हमने उन्हें बुलाया है। दोनों पक्षों की संबंधित अधिकारियों से समक्ष सुनवाई भी की है। हम इस मामले का जल्द समाधान करवा देंगे। बता दें कि विधायक जयदीप बिहानी पर बैठक के बहाने सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा, शहनवाज हुसैन और एलएंडटी प्रतिनिधि सोहम परमार को बुलाकर मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप है। महंत बाबा बालकनाथ ने सोशल मीडिया पर मांगी माफी मामले में विवाद बढ़ने के बाद मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे महंत बाबा बालकनाथ ने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट करके खेद जताया। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा- पिछले दिनों मेरे विधानसभा क्षेत्र टपूकड़ा में चल रहे विकास कार्य में गड़बड़ी के दौरान मौके पर पहुंचकर घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को कार्य में लापरवाही बरतने पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान मेरे द्वारा कहे गए शब्दों में कहीं किसी भी तरह से किसी जाति अथवा समाज के लिए गलत भाव प्रकट करने का उद्देश्य नहीं था। इसके बाद भी यदि मेरे द्वारा कहे गए किसी भी शब्द से सेन समाज की भावना आहत हुई है तो उसके लिए मैं खेद प्रकट करता हूं। आशा है समस्त सेन समाज मेरे मनोभाव को समझते हुए पूर्व की भांति अपना सहयोग और स्नेह बनाए रखेंगे। आप सभी का आभार और धन्यवाद।
यह खबर भी पढ़ें... अधिकारी से विधायक बोले- तुम नाई हो या जेईएन:जब 4 रुपए जीरो हो जाएगा तब चपत लगेगी, घटिया निर्माण को लेकर सुनाई खरी खोटी तिजारा विधायक महंत बालकनाथ ने अधिकारी से कहा- तुम नाई हो या जेईएन, बीटेक किया है या कुछ और..? दरअसल शुक्रवार रात 9 बजे विधायक महंत बालकनाथ टपूकड़ा कस्बे में चल रहे इंटलॉकिंग टाइल बिछाने के काम का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान क्लालिटी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और जेईएन छोटेलाल मीणा को फोन कर खरी-खोटी सुना दी थी। विधायक ने जेईएन की नीयत पर भी सवाल उठाते हुए ठेकेदार से मिलीभगत का आरोप लगाया था। (पूरी खबर पढ़ें) एईएन बोले-विधायक ने लातें मारी और पाइप से पीटा:समर्थकों ने जमीन पर पटका, कपड़े फाड़े; जमानत मिली तो पिता से गले लगकर रोई बेटी श्रीगंगानगर में AEN और भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के बीच विवाद गहरा गया है। शुक्रवार को राजस्थान अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (RUIDP) के एईएन जगनलाल बैरवा ने कहा- विधायक ने मेरे लातें मारी और पाइप से पीटा। नई शर्ट पहनाकर पुलिस को सौंपा। इधर, जमानत मिलने पर बाहर आए एईएन की बेटी पिता के गले लगकर रोने लगी। (पूरी खबर पढ़ें)