भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ सोमवार, 13 अप्रैल को जैसलमेर के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। सीमावर्ती जिले में उनका यह संक्षिप्त दौरा आगामी सांगठनिक विस्तार और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा जिला मीडिया संयोजक बाबूलाल शर्मा ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ सोमवार सुबह 11 बजे जैसलमेर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद वे जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद बाड़मेर के लिए रवाना होंगे। उनकेआगमन को लेकर जिला बीजेपी ने तैयारियां शुरू कर दी है। बैठक में जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु संगठन की जमीनी पकड़ को और अधिक मजबूत बनाना और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना रहेगा। संगठनात्मक बैठक के बाद, दोपहर 12:45 बजे मदन राठौड़ मीडियाकर्मियों से रूबरू होंगे। प्रेस वार्ता के दौरान वे राज्य सरकार की उपलब्धियों और क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा कर सकते हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेशाध्यक्ष जोधपुर से कार द्वारा सड़क मार्ग होते हुए जैसलमेर पहुंचेंगे। जैसलमेर के स्थानीय कार्यक्रमों और बैठकों का दौर पूरा करने के बाद, वे दोपहर बाद अगले पड़ाव के लिए बाड़मेर की ओर प्रस्थान करेंगे।