नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बीजेपी के स्थापना दिवस को राजस्थान दिवस की तरह हिंदू पंचाग के हिसाब से नहीं मनाकर अंग्रेजी कैलेंडर से मनाने पर तंज कसा है। जूली ने कहा- बीजेपी सरकार का दोगलापन आज फिर सामने आ गया है। आज बीजेपी का स्थापना दिवस अंग्रेजी कैंलेडर के हिसाब से मनाया जा रहा है। कितनी बड़ी विडंबना है कि राजस्थान दिवस को हिंदू तिथि पर मनाने की घोषणा करने वाली बीजेपी सरकार खुद की पार्टी का स्थापना दिवस अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार ही मना रही है। आखिर ऐसा दोगलापन किसलिए ? जब राजस्थान दिवस हिंदू पंचाग के हिसाब से मनाया तो फिर पार्टी का स्थापना दिवस भी उसी के ​हिसाब से मनाते। बीजेपी सरकार ध्यान भटकाना चाहती है जूली ने कहा- राजस्थान दिवस को तिथि के हिसाब से मनाने से कितना बदलाव करना पड़ा। स्टेशनरी से लेकर रिकॉर्ड तक में बदलाव करना पड़ता है। अकेले राजस्थान दिवस को तिथि के हिसाब से मना रहे है लेकिन बाकी राष्ट्रीय पर्वों का क्या होगा। फिर कल 26 जनवरी और 15 अगस्त के लिए भी आप इसी तरह तिथि से मनाने के तर्क देंगे? इन्हें काम करने से मतलब नहीं है, केवल नरेटिव खड़ा करके लोगों का ध्यान भटकाने से मतलब है। हिंदू पंचाग से जन्मदिन नहीं मना सकते तो राजस्थान दिवस क्यों? जूली ने कहा- बीजेपी के कितने नेता हिंदू पंचाग से अपना जन्मदिन मनाते हैं? जब जन्मदिन अंग्रेजी कैलेंडर से मनाते हैं तो फिर राजस्थान दिवस के साथ यह प्रयोग करने का केई तुक नहीं है। तिथि के हिसाब से राजस्थान दिवस मनाने पर पीएम तक ने ध्यान नहीं दिया। पीएम मोदी ने भी उस दिन स्थापना दिवस की बधाई नहीं दी थी। बाकी राज्य भी अंग्रेजी कैलेंडर के हिसाब से ही स्थापना दिवस मनाते हैं। जूली ने कहा- मैंने विधानसभा में भी सीएम के सामने इसी मुद्दे को उठाया था, लेकिन उस वक्त कोई जवाब नहीं दिया था। मैंने कहा था कि पीएम मोदी से कहकर पूरे देश में सभी राष्ट्रीय पर्वों से लेकर महत्वपूर्ण समारोहों को हिंदू पंचाग से मनाने का राष्ट्रीय स्तर पर फैसला कर लीजिए ताकि एकरूपता रहे। --- ये खबर भी पढ़िए- राजस्थान स्थापना दिवस पर पीएम ने बधाई क्यों नहीं दी?:जूली बोले- क्या नई तिथि पर मनाने पर मोदी से पूछा नहीं था, कोई नाराजगी है? राजस्थान दिवस को हिंदू नववर्ष के दिन मनाए जाने पर पीएम नरेंद्र मोदी के शुभकामना नहीं देने के मुद्दे पर कांग्रेस ने तंज कसा है। (पढ़िए पूरी खबर)