राजसमंद जिले के नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने 20 करोड़ 76 लाख रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम खमनोर पंचायत समिति के गांवगुडा और रेलमगरा में आयोजित हुए, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और विधायक विश्व राज सिंह मेवाड़ भी उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास, शिक्षा, सड़क, धार्मिक और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। गांवगुडा में 3.50 करोड़ की लागत से बने स्कूल भवन, 6.78 करोड़ की सड़क, 30 लाख की सड़क और 20 लाख की पुलिया का कार्य किया गया। वहीं रेलमगरा में 7.73 करोड़ की सड़क सुदृढ़ीकरण, 25 लाख की सड़क, 1 करोड़ के मंदिर विकास और 1 करोड़ के खेल स्टेडियम का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में कुल 22.05 किलोमीटर सड़क निर्माण के साथ आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। साथ ही आवागमन, शिक्षा और पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।