सांसद प्रियंका गांधी के बेटे रेहान राजीव वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी के विवाद के बीच अब बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने उनके नाम को लेकर आपत्ति जताई है। मदन राठौड़ ने कहा- कांग्रेस को विचार करना चाहिए कि वह एक परिवारवाद के नाम पर कितने दिन राजनीति करेगी। उन्होंने कहा- वैसे तो मुझे कहना नहीं चाहिए। फिर आप लोग कहोगे कि विवादित बयान हो गया। आजकल रेहान को जो नाम दिया जा रहा है। उसे आप गूगल पर सर्च करोगे तो रेहान राजीव वाड्रा आएगा। राठौड़ ने कहा- राजीव नाम क्यों, मतलब पापा कहां गए। यानी नाम कहां से कहां लगा रहे हो। क्योंकि उसी परिवार से राजनीति रोटियां सेकनी हैं। वह नाम साथ नहीं रहेगा तो राजनीति में जनता स्थान नहीं देगी। इसको विवादित कहो, कुछ भी कहो। लेकिन हमारे यहां मां, पिता और दादा का नाम लगाने की परंपरा है। खैर मैं इस विषय पर ज्यादा नहीं कहना चाहता हूं। कांग्रेस को राजनीति शिक्षा की जरूरत मदन राठौड़ ने पीएम मोदी के राहुल गांधी पर दिए बयान का समर्थन किया। राठौड़ ने बताया- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने अनुभव के आधार पर कहा कि श्रीहरिकोटा स्थित हमारे स्पेस सेंटर से एक साल में जितने रॉकेट लॉन्च नहीं होते। उससे ज्यादा बार कांग्रेस अपने नेता को लॉन्च करने की असफल कोशिश कर चुकी है। राठौड़ ने कहा- मैं सोचता हूं कि कांग्रेस को प्रशिक्षण, राजनीतिक शिक्षा लेने की जरूरत है। इससे वह यह तय कर सके कि जनता की अपेक्षा क्या है। उसके अनुरूप चलना है, लेकिन वे ऐसे नहीं चलते हैं। वह किसी को तैयार करके लॉन्च करने की कोशिश करते हैं, जो आगे जाकर फेल हो जाते हैं। देश को नुकसान पहुंचाने वाली राजनीति ठीक नहीं मदन राठौड़ ने कहा- हम सब देख रहे हैं कि कई लोग विदेश में जाकर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का षड्यंत्र कर रहे हैं। हमारे देश में अस्थिरता पैदा करने का काम कर रहे हैं। हमारे नेतृत्व, योजनाओं और हमारी विदेश नीति कि बाहर जाकर आलोचना कर रहे हैं। इन लोगों को ऐसा नहीं करना चाहिए। इससे देश को नुकसान पहुंचता है। राजनीति करने के लिए बहुत क्षेत्र हैं। राजनीति करो, लेकिन ऐसी राजनीति ठीक नहीं है, जिससे देश को नुकसान हो।