दौसा जिला प्रभारी और उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत को प्रधानमंत्री के कार्य करने के तरीके पर जनता के विश्वास की जीत बताया। कलेक्ट्रेट में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल के मतदाताओं ने विकास और सुशासन को चुना है। उनके अनुसार इस जनादेश से केवल सरकार ही नहीं, बल्कि राज्य की राजनीतिक संस्कृति भी बदलने की दिशा में आगे बढ़ेगी। भय और हिंसा की राजनीति को जनता ने नकारा मंत्री राठौड़ ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से चल रही भय और हिंसा की राजनीति को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि बंगाल ऐतिहासिक रूप से समृद्ध राज्य रहा है और अब एक बार फिर विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ेगा। अवैध घुसपैठ पर सख्त रुख, सुरक्षा बढ़ाने पर जोर उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए तारबंदी का कार्य पूरा किया जाएगा और ऐसे घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे देश में सुरक्षा का माहौल और मजबूत होगा। राठौड़ ने कहा कि जहां-जहां एनडीए की सरकारें हैं, वहां जनता ने एक बार फिर भरोसा जताया है क्योंकि वहां नीति, नीयत और निष्पादन साफ है, जबकि अन्य राज्यों में लोग बदलाव की अपेक्षा कर रहे हैं। ममता बनर्जी और विपक्ष पर साधा निशाना मंत्री राठौड़ ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां जिस तरह की राजनीति की जा रही थी, उसका अंत हो गया है। उन्होंने कहा कि आज का युवा जागरूक है और वह फेक नैरेटिव नहीं बल्कि डिलीवरी, गुड गवर्नेंस और विकास चाहता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस और ममता बनर्जी दोनों एसआईआर प्रक्रिया की मांग कर रहे थे, लेकिन चुनाव परिणाम आने के बाद अब उसी प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। अधिकारियों को दिए जनहित में कार्य करने के निर्देश कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक के दौरान मंत्री राठौड़ ने कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, एडीएम अरविंद शर्मा सहित अन्य अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। राठौड़ ने कहा कि अधिकारी इस दृष्टिकोण से कार्य करें कि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिले और किसी को भी अपने काम के लिए भटकना न पड़े।