कोटा में नशे में बाइक सवार ने 13 साल की बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। इलाज के दौरान मासूम की कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मौत हो गई। यह घटना खेड़ारूदा गांव में 1 जुलाई को दोपहर तीन बजे हुई थी। हादसे में मीरा के सिर और छाती में अंदरूनी चोट लगी थी। वहीं मां भूरी के पैर में चोट लगी थी। चेचट थाना क्षेत्र में मजदूर मां भूरी बाई के साथ नरेगा में बेटी मीरा (13) भी साल चली गई थी। मीरा कक्षा 6 में पढ़ती थी। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मां के पास बैठी थी, टक्कर के बाद झाड़ियों में गिरी मां भूरी बाई ने बताया- मैं नरेगा में मजदूरी करने देवली गांव 1 जुलाई को गई थी। मेरे साथ बेटी मीरा भी गई थी। मीरा श्मशान के पास सड़क किनारे बैठी थी। मैं झाड़ियां काट रही थी। इस दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने मीरा को टक्कर मार दी। हादसे में घायल होकर मीरा झाड़ियों की तरफ गिर गई। इसके बाद बाइक सवार ने मुझे भी टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार नीचे गिर गया। मैं कुछ समझ पाती, उसके पहले मौके पर मौजूद लोग मदद को दौड़े। मेरी बेटी को संभाला। उसे इलाज के लिए झालावाड़ ले गए। वहां से गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया। इलाज के दौरान कोटा में मीरा की शुक्रवार सुबह 7 बजे मौत हो गई। पुलिस ने कहा- नशे में था बाइक सवार चेचट थाना ASI खेमसिंह ने बताया- मीरा अपनी मां के साथ गई थी। बाइक सवार संभवतया नशे में था। हादसे में मीरा के सिर और छाती में अंदरूनी चोट लगी। मां भूरी के पैर में चोट लगी थी। इलाज के दौरान मीरा की शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया जाएगा। मौके पर बाइक मिली है, जिसे थाने पर लाया गया है। मामले की जांच जारी है।