पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण में श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर और रीडी पंचायत समिति के 63 सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को लोक सूचना जारी होने के साथ ही नाम निर्देशन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन कुल 4 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के लिए 2, जबकि लूणकरणसर और रीडी पंचायत समिति के लिए 1-1 नाम निर्देशन पत्र जमा हुआ। तीसरे चरण में श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के 19, लूणकरणसर के 27 और रीडी के 17 सदस्यों के लिए चुनाव होगा। नाम निर्देशन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख 23 अक्टूबर है। इस दौरान रोजाना सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र लिए जाएंगे। मंगलवार को दशहरे का राजपत्रित अवकाश होने के कारण नाम निर्देशन पत्र जमा नहीं होंगे। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की जांच 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी। इसके बाद 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। श्रीडूंगरगढ़ और लूणकरणसर पंचायत समिति सदस्यों के लिए नाम निर्देशन पत्र संबंधित उपखंड अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा रहे हैं। वहीं, रीडी पंचायत समिति के सदस्यों के लिए नाम निर्देशन पत्र जमा करने की व्यवस्था रीडी के ग्राम पंचायत भवन में की गई है।