नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर भीलवाड़ा से है। यहां अवैध वसूली के मामले में प्रोबेशनर IPS और सीओ सदर माधव उपाध्याय को एपीओ किया गया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें 1. वसुंधरा बोलीं- राजनीतिक नियुक्तियां समर्पित कार्यकर्ताओं को मिले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा- राजनीति में उतार चढ़ाव आते हैं। कई लोग ऐसे हैं, जो दल बदल लेते हैं, लेकिन दिल नहीं बदलते। राजनीतिक नियुक्तियां उनको देनी चाहिए जो पार्टी के लिए समर्पित हैं। जिन्होंने पार्टी के लिए संघर्ष किया है। ऐसे कार्यकर्ताओं को ही मौका मिले, अवसरवादियों को नहीं। पूरी खबर पढ़ें 2. बोलेरो-बाइक की टक्कर में 2 भाइयों की मौत सीकर के दादिया थाना इलाके में बोलेरो और बाइक की टक्कर में 2 भाइयों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। आग लगने के चलते दोनों गाड़ियां पूरी तरह से जल गई। सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया। पूरी खबर पढ़ें 3. नशे में SI भर्ती परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी को निकाला अलवर के जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेंटर पर एक अभ्यर्थी शराब के नशे में SI भर्ती परीक्षा देने पहुंचा था। कर्मचारियों को पता चला तो उसे परीक्षा केंद्र से बाहर निकाल दिया। प्रदेश में कुछ सेंटर्स पर महिला अभ्यर्थी छोटे बच्चों को लेकर पहुंचीं। जब वे परीक्षा दे रही थीं तो परिजन बच्चे संभाल रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 4. अवैध वसूली मामले में ट्रेनी IPS अफसर APO भीलवाड़ा में वसूली करने वाली गैंग के मामले में प्रोबेशनर IPS और सीओ सदर माधव उपाध्याय को सोमवार दोपहर एपीओ कर दिया। संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश में प्रशासनिक कारणों का हवाला दिया गया है। हालांकि इसे वसूली मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें 5. विदेशी महिला से 5 लड़कों ने की छेड़छाड़ जयपुर के आमेर इलाके में जापानी महिला टूरिस्ट के साथ 5 युवकों ने छेड़छाड़ की। वह जयगढ़ किले की पहाड़ी पर घूमने गई थी। सुनसान जगह पर 5 लड़कों ने उसे रोक लिया और अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी। पीड़िता ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग निकले। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. एक चिता पर 2 सहेलियों का अंतिम संस्कार पाली जिले के तखतगढ़ में दो सहेलियों ने अपनी दोस्ती को मौत के बाद भी नहीं टूटने दिया। एक सहेली की मौत हुई, तो दूसरी यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी और 5 घंटे के भीतर उसने भी प्राण त्याग दिए। दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। पूरी खबर पढ़ें 7. सरकारी टीचर ने मांगी 1.40 करोड़ की फिरौती बांसवाड़ा में ऑनलाइन गेमिंग की लत से कर्ज में डूबे सरकारी टीचर ने गैंगस्टर बनकर 2 व्यापारियों से 1.40 करोड़ की फिरौती मांगी। रुपए नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ग्रेड सेकंड टीचर है। पूरी खबर पढ़ें 8. CMHO से सांसद बोलीं- किसी की मौत पर हंस रहे हैं भरतपुर कलेक्ट्रेट सभागार में हुई मीटिंग में सांसद संजना जाटव ने इलाज में लापरवाही से महिला की मौत का आरोप लगाते हुए PMO को फटकार लगाई। इस दौरान CMHO को मुस्कुराते देख सांसद बोलीं- किसी की जान चली गई और आप हंस रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने कहा- उनकी शक्ल ही ऐसी है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. मंदिर की 800 सीढ़ियों पर रिवर्स में चढ़ाया ट्रैक्टर जालोर के सिरे मंदिर तक पहली बार ट्रैक्टर से सामान पहुंचाया गया। ऊंची और दुर्गम पहाड़ी की करीब 800 सीढ़ियों पर एक ऑटोमाबाइल कंपनी ने यह टेस्ट किया। खास बात यह है कि संतुलन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी को रिवर्स गियर में ऊपर ले जाया गया। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास 10. राजस्थान बीजेपी प्रभारी करेंगे महत्वपूर्ण चर्चा बीजेपी के राजस्थान प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल 7 अप्रैल को प्रदेश बीजेपी ऑफिस में प्रदेश पदाधिकारियों एवं मोर्चा अध्यक्षों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण चर्चा करेंगे।