राजस्थान में आज फिर आंधी के साथ तेज बारिश का अलर्ट है। मौसम केंद्र जयपुर ने कई जिलों में ओले गिरने की भी चेतावनी दी है। केन्द्र के अनुसार 17 जिलों में बदले मौसम का असर सबसे अधिक होगा। यहां 20 से 50MM तक बरसात होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 8 अप्रैल को भी इस सिस्टम का असर पूर्वी राजस्थान के भरतपुर संभाग में देखने को मिलेगा। वहीं, 9 अप्रैल से मौसम साफ रहने की संभावना है। दोपहर बाद बदला मौसम, हल्की बारिश सोमवार (6 अप्रैल) सुबह प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तेज धूप रही। दोपहर करीब 2 बजे बाद मौसम में बदलाव शुरू हुआ। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर आसमान में बादल छाए। श्रीगंगानगर के कई हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। इधर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू के एरिया में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। दिन का तापमान 3 डिग्री तक चढ़ा तेज धूप निकलने से तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई। बीकानेर में अधिकतम तापमान रविवार के मुकाबले सोमवार को 3.1 डिग्री चढ़कर 34.5 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। कल दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस चित्तौड़गढ़ में दर्ज हुआ।