भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा राजस्थान में प्रदेश महामंत्री नियुक्त होने पर राजेश कटारा का पार्टी कार्यालय सहित जिले के विभिन्न मंडलों में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। नियुक्ति के बाद पहली बार क्षेत्र में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और आतिशबाजी कर खुशी जताई। ​संगठनात्मक दौर के तहत सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के आबापुरा मंडल अध्यक्ष कन्हैया लाल के नेतृत्व में आबापूरा में स्थित मामा बालेश्वर की प्रतिमा पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर कटारा का अभिनंदन किया। इसके बाद छोटी सरवा मंडल के खेड़ा धरती में मंडल अध्यक्ष राकेश वड़खिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसी क्रम में कुशलगढ़ क्षेत्र के सरोना में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री का स्वागत सत्कार किया। ​इस अवसर पर राजेश कटारा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है और जो जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी समय में संगठन को मजबूती देने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। बता दें कि राजेश कटारा पूर्व में छोटी सरवन के प्रधान रह चुके हैं और वर्तमान में निवर्तमान जिला परिषद सदस्य के रूप में सक्रिय हैं। उनके अनुभव को देखते हुए संगठन ने उन्हें प्रदेश स्तर पर यह बड़ी जिम्मेदारी दी है।