राजसमंद में राज्य सरकार के नशा मुक्त राजस्थान अभियान के तहत शनिवार को जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा और एसपी हेमंत कलाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ और नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाया गया। नो बैग डे के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में एसपी हेमंत कलाल ने नाथद्वारा स्थित क्रिएटिव ब्रेन एकेडमी और कंकुबाई सोहनलाल धाकड़ राजकीय उच्च विद्यालय में छात्रों से संवाद कर उन्हें अनुशासन, शिक्षा, खेल और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। जिले के अलग अलग ब्लॉकों में शपथ ग्रहण, पोस्टर, निबंध, स्लोगन और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही नशा मुक्ति पर आधारित लघु फिल्मों ‘शिकंजा’ और ‘चलो तोड़ दें ये बंधन’ का प्रदर्शन भी किया गया। अभियान के तहत अब तक जिले के 350 से अधिक सरकारी एवं निजी स्कूलों में 30 हजार से ज्यादा छात्रों और उनके परिजनों को जागरूक किया जा चुका है। पुलिस ने आमजन से भी नशा मुक्त राजस्थान अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।