राजसमंद में ऑपरेशन त्रिनेत्र और पंचायतीराज चुनाव के तहत राजनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 किलो 986 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई डिप्टीखेड़ा गांव में कालूलाल गुर्जर के घर पर की। आरोपी कालूलाल गुर्जर(50) निवासी डिप्टीखेड़ा मुण्डोल को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच कुंवारिया थाना प्रभारी पूरण सिंह राजपुरोहित कर रहे हैं। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर पर नकली देशी घी बनाने की फैक्ट्री संचालित होने का भी खुलासा हुआ। पुलिस की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। यहां प्रतिष्ठित ब्रांड के नाम से तैयार किया जा रहा करीब 351 किलो संदिग्ध घी मिला। इसमें नोवा का 39 किलो, सरस का 239 किलो और कृष्णा ब्रांड का 73 किलो घी शामिल है। इसके अलावा 88 किलो वनस्पति घी, 148 किलो सोयाबीन ऑयल, घी की सुगंध के लिए एसेंस, पैकिंग सामग्री, विभिन्न ब्रांड की सीलें, रैपर, टीन, प्रिंटेड कार्टून और पैकिंग मशीनें भी जब्त की गईं। खाद्य विभाग ने नमूने लेकर एफएसएल जांच के लिए भेजे हैं। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।