राजसमंद में निकाय चुनाव की मतदान की डेट पास आते ही जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नाथद्वारा के वार्ड 23 से भाजपा प्रत्याशी द्वारा कांग्रेस को समर्थन देने के बाद अब राजसमंद नगर परिषद के वार्ड 22 में चुनावी समीकरण बदल रहे हैं। यहां आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी अमित वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी अशोक रांका को अपना समर्थन दे दिया है, जिसके बाद अब मैदान दो प्रमुख दल ही रह गए हैं। दिग्गजों के बीच सीधी टक्कर नगर परिषद के 45 वार्डों में से वार्ड 22 को काफी अहम माना जा रहा है। 'आप' प्रत्याशी के हटने के बाद अब मुकाबला कांग्रेस की हिमानी नंदवाना और भाजपा के पूर्व चेयरमैन अशोक रांका के बीच सीधा हो गया है। दोनों ही प्रत्याशियों को राजनीतिक अनुभव है और वे मतदाताओं के बीच पूरी ताकत से डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर रहे हैं। 661 मतदाता करेंगे भाग्य का फैसला वार्ड 22 में कुल 661 मतदाता हैं, जिनमें 343 पुरुष और 318 महिला मतदाता शामिल हैं। यहाँ ब्राह्मण, महाजन, राजपूत, ओबीसी तथा एससी-एसटी वर्ग की मिली-जुली आबादी है। क्षेत्रवासी लंबे समय से नाली-सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन और पार्क की मांग कर रहे हैं, जो चुनाव में प्रमुख मुद्दे बने हुए हैं। प्रत्याशियों के वादे और दाव 'आप' प्रत्याशी के समर्थन के बाद बदले चुनावी समीकरणों के बीच दोनों दल जीत का दावा कर रहे हैं।