राजसमंद में आपसी रंजिश के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को परिजनों की सहमति के बाद आरके जिला चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। बुधवार को लाठी-डंडों से पीटा था जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम राजनगर थाना क्षेत्र के सलूस रोड पर आपसी रंजिश को लेकर चारभुजा थाना क्षेत्र निवासी सुरेंद्र सिंह पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। गंभीर चोटों के चलते सुरेंद्र की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को आरके जिला हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया था। 6 थानों के इंचार्ज पुलिस जाप्ते के साथ रहे तैनात मामले की गंभीरता को देखते हुए 6 थाना अधिकारियों को पुलिस जाब्ते के साथ अस्पताल में तैनात किया गया। एसपी हेमंत कलाल ने बताया- परिजनों की शिकायत लेकर पोस्टमार्टम करवाया गया और शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मृतक और आरोपी बदमाश प्रवृत्ति के थे। कुछ समय पहले जेल में उनके बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद रंजिश बढ़ गई। पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।