ब्यावर में जिला रसद विभाग ने मिलावटी डीजल के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने ग्राम रानीसागर में 1050 लीटर मिलावटी डीजल जब्त किया। यह कार्रवाई खाद्य विभाग के आदेश और जिला कलेक्टर के निर्देशों के तहत की गई। जिला रसद अधिकारी के नेतृत्व में प्रवर्तन स्टाफ और पुलिस थाना ब्यावर सदर की संयुक्त टीम ने रानीसागर में एनएच-8 पर स्थित जोगणिया होटल के पास दबिश दी। मौके से 3 ड्रम और 9 जरीकेनों में भरा 1050 लीटर मिलावटी डीजल बरामद किया गया। जब्त की गई सामग्री में 10 लीटर, 5 लीटर और 1 लीटर के माप कोनिकल, 8 प्लास्टिक पाइप और एक प्लास्टिक कीप भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान रानीसागर, तहसील मसूदा निवासी आरिफ काठात पुत्र नेनु को आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी हाईवे से गुजरने वाले वाहनों से 80 रुपए प्रति लीटर की दर से डीजल खरीदकर 85 रुपए प्रति लीटर में अन्य वाहनों को बेच रहा था। यह अवैध गतिविधि 33 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन के नीचे संचालित हो रही थी, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ था। जब्त की गई सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस थाना ब्यावर सदर को सौंप दिया गया है। इस कार्रवाई में जिला रसद अधिकारी अब्दुल सादिक, प्रवर्तन अधिकारी सोहन सिंह चौहान, प्रवर्तन निरीक्षक विक्रांत मथुरिया, रामेश्वर डूडी, थानाधिकारी गजराज और एएसआई महेश कुमार सहित पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।