शेयर मार्केट में ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गैंग के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। रवांजना डूंगर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से दो कारें, एक बाइक, चार मोबाइल फोन, एक बैंक पासबुक और दो एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष साइबर अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी नेहा अग्रवाल और सीओ ग्रामीण रामधन चौधरी के सुपरविजन में रवांजना डूंगर थानाधिकारी श्याम सुंदर के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। पुलिस को देखकर खेतों की तरफ भागे आरोपी थानाधिकारी श्याम सुंदर ने बताया- कुश्तला-टोंक रोड स्थित भारत पेट्रोलियम पंप के पास एक स्कॉर्पियो, वेन्यू कार और बाइक के पास चार संदिग्ध युवक बैठे हुए थे। पुलिस की गाड़ी को आता देख चारों युवक अपने वाहन व मोबाइल छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए एक युवक को दबोच लिया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी राजेंद्र मीना (29) पुत्र ओमप्रकाश मीना, निवासी छारोदा, थाना कुंडेरा, सवाई माधोपुर को गिरफ्तार कर लिया। फेक ऐप और टेलीग्राम चैनल से बिछाते थे जाल प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम चैनलों और फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए लोगों को शेयर मार्केट में निवेश पर भारी रिटर्न का लालच देते थे। ठगी के लिए विशेष ऐप तैयार करवाए गए थे। गिरोह के सदस्य फर्जी दस्तावेजों से ली गई सिम और फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट्स) का उपयोग कर लोगों से पैसे ट्रांसफर करवाते थे। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की पड़ताल में अब तक करोड़ों रुपए के वित्तीय लेनदेन के सबूत मिले हैं। देशभर से दर्ज हैं 9 शिकायतें पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देश के विभिन्न राज्यों से कुल 9 शिकायतें पहले से दर्ज पाई गई हैं। पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो, वेन्यू और एक बाइक जब्त की है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही फरार तीनों साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।