रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। आरआरबी अजमेर को पहली बार स्टेशन मास्टर भर्ती परीक्षा कराने की जिम्मेदारी मिली है। रेलवे इस बार 1200 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए इसी माह विज्ञापन जारी कर सकता है। अनुमान है कि भर्ती में 25 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। रेलवे भर्ती बोर्ड अजमेर के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि भर्ती विज्ञापन इसी माह जारी होने की संभावना है और पदों की संख्या 1200 से अधिक हो सकती है। देशभर में 21 रेलवे भर्ती बोर्ड हैं। ऐसे में सभी बोर्डों से जुड़े अभ्यर्थियों की परीक्षा कराना अजमेर आरआरबी के लिए बड़ी जिम्मेदारी होगी। इससे पहले अजमेर बोर्ड देशभर के रेलवे कार्मिकों के लिए ग्रुप-बी पदों की भर्ती परीक्षा आयोजित करा चुका है। पहली बार एनटीपीसी से अलग होगी भर्ती अब तक स्टेशन मास्टर पदों पर भर्ती नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) की अन्य भर्तियों के साथ होती रही है। इस बार रेलवे ने स्टेशन मास्टर पदों के लिए अलग से विज्ञापन जारी करने का फैसला किया है। विज्ञापन के साथ ही आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की भी संभावना है।