रींगस कस्बे के दशहरा मैदान में मंगलवार रात युवा विकास मंच की ओर से दशहरा महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 20 हजार लोग मौजूद रहे। भगवान श्रीराम ने धनुष से तीर चलाकर 70 फीट ऊंचे रावण और 45 फीट ऊंचे कुंभकर्ण सहित मेघनाद के पुतले का दहन किया। इस दौरान हुई आतिशबाजी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। गोपीनाथ राजाजी मंदिर से निकली शोभायात्रा रावण दहन से पहले चौपड़ बाजार स्थित गोपीनाथ राजाजी मंदिर से भगवान श्रीराम, हनुमान, रावण और विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में कई जगह लोगों ने इसका स्वागत किया। रावण दहन से पहले मंदिरों में पूजा-अर्चना भी की गई। 101 प्रबुद्धजनों का किया सम्मान युवा विकास मंच के अध्यक्ष आर्यन पारीक और शिक्षाविद् विजय कुमावत ने बताया कि दशहरा महोत्सव में अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए मंच के पदाधिकारियों का आभार जताया। इस दौरान 101 प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष अमित शर्मा मामा, उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार गुप्ता, तहसीलदार महेश ओला, पालिका अधिशासी अधिकारी हरिनारायण यादव, सफाई निरीक्षक मुकेश कुमावत, रोटरी क्लब के पूर्व सहप्रांतपाल डॉ. अजय सक्सैना, सहप्रांतपाल डॉ. भंवर सिंह ताखर, झाबर गांधी बिजारनियां, आयुष कानूनगो, कैलाश वशिष्ठ, ललित लोहेवाला, रामवतार हरिजन, मुरारी चौहान, सीताराम कुलदीप और जोगेंद्र जोनी छीपा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। जोहड़ादास आश्रम के महंत श्रीराम मूर्तिदास महाराज भी उपस्थित थे। ड्रोन और सीसीटीवी से रखी सुरक्षा पर नजर दशहरा मेले में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए। निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। आयोजन के दौरान रावण दहन और आतिशबाजी देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।