सलूंबर जिले में ग्राहक बनकर आए बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती के पास से पहले मोबाइल का पासवर्ड चुपके से देख लिया और फिर मौका पाकर मोबाइल चुरा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके खाते से पासवर्ड का इस्तेमाल कर 18 हजार रुपए निकाल लिए। इस पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घटना सलूंबर शहर में 9 अप्रैल गुरुवार को शाम 5 बजे की है। सीसीटीवी वीडियो में मुंह पर मास्क लगाया हुआ बदमाश शातिर तरीके से मोबाइल को चोरी कर घटना के अंजाम देते हुए नजर आ रहा है, जबकि उसके साथ आया दूसरा युवक दुकान में बार-बार बुजुर्ग दंपती का मोबाइल को चेक करता हुआ दिख रहा है, जो सिर पर कैप पहने लगाए हुए है। 5 PHOTO'S में देखिए, पूरा घटनाक्रम आरोपी बोला- पेमेंट कर दिया, चेक करो, तभी देख लिया पासवर्ड जानकारी अनुसार, बुजुर्ग सौभाग्यमल मालवी की शहर के चुंगी नाका स्थित अपनी जनरल स्टोर की दुकान है। वे अपनी पत्नी लेहरीबाई के साथ दुकान पर बैठे थे। घटना दो दिन पहले की है। जब अज्ञात युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने कुछ सामान खरीदा और भुगतान ऑनलाइन करने का बहाना बनाया। बदमाशों ने दंपती से कहा कि उन्होंने पैसे ट्रांसफर कर दिए हैं और खाता चेक करने को कहा। जैसे ही सौभाग्यमल ने मोबाइल निकालकर बैलेंस चेक करने के लिए पासवर्ड (पिन) डाला, पास खड़े बदमाश ने चुपके से पासवर्ड देख लिया। इसके बाद बातों में उलझाकर काउंटर पर रखा मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। दंपती को मोबाइल चोरी का अहसास होने से पहले ही बदमाशों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया। पासवर्ड पहले से होने के कारण उन्होंने खाते से करीब 18 हजार रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। ठगी और चोरी का पता चलते ही बुजुर्ग दंपती हैरान रह गए। बेटे ने सलूंबर थाने में दर्ज कराया मामला पीड़ित दंपती ने घटना की जानकारी अपने बेटे पवन कुमार मालवी को दी। बेटा दुकान पर पहुंचा और पूरा घटनाक्रम पता किया। इसके बाद बेटे ने तुरंत सलूंबर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए। फुटेज में बदमाशों के चेहरे और उनकी हरकतें साफ नजर आ रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।