सलूंबर में नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। सलूंबर नगर परिषद क्षेत्र में 11 सितंबर को मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पीपी ने वीडियो संदेश जारी कर शहरवासियों से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान 11 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित मतदान केंद्रों पर होगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से समय पर मतदान केंद्र पहुंचने और बिना किसी डर, दबाव, लालच या भेदभाव के अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट देने की अपील की। मतदान के बाद 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी। बूथों पर पानी, छाया और व्हीलचेयर की व्यवस्था मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। केंद्रों पर पीने का पानी, छाया, रैंप और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के साथ अन्य मतदाताओं को भी मतदान के दौरान सुविधा मिलेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से मतदान केंद्र पर जाते समय अपना पहचान पत्र साथ रखने और चुनाव आयोग के निर्धारित नियमों का पालन करने को कहा है। युवाओं और पहली बार वोट डालने वालों से खास अपील मुहम्मद जुनेद पीपी ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि जितना अधिक मतदान होगा, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा। प्रत्येक मतदाता का एक वोट शहर के भविष्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले वोटरों से उत्साह के साथ मतदान केंद्र पहुंचने की अपील की। कलेक्टर ने शहरवासियों से 'मेरा वोट, मेरी जिम्मेदारी' की भावना के साथ 11 सितंबर को मतदान करने और लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया।