सलूंबर जिले के नयागांव में 60 से 70 परिवार कांग्रेस में शामिल हुए। कार्यक्रम देर रात झल्लारा पंचायत समिति क्षेत्र के राजस्व ग्राम नयागांव में हुआ। यह गांव नवीन ग्राम पंचायत गामड़ी के अंतर्गत आता है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, शामिल हुए परिवारों में कुछ 30 साल से अधिक समय से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। ग्रामीणों ने गांव में विकास की धीमी गति, राजनीतिक मनमुटाव और बुनियादी सुविधाओं की कमी को पार्टी बदलने की वजह बताया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली, पानी, सड़क और शिक्षा की सुविधाओं में लंबे समय से सुधार नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि सरकार से विकास की जो उम्मीदें थीं, वे पूरी नहीं हुईं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और आम लोग महंगाई से परेशान हैं। मेहता ने गांव की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिया। उन्होंने पुलिस, राजस्व विभाग, तहसील और कलेक्ट्रेट से जुड़ी समस्याओं में भी सहयोग का भरोसा दिलाया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने परिवारों के पार्टी में शामिल होने को उत्साहजनक बताया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी देवी सिंह, फतेहसिंह कुंडली, लक्ष्मीचंद सुथार, कोदरलाल मीणा, सूरजमल जैन, मणिलाल सुथार, रामलाल मीणा, हसमुख पंचाल, नवनीत जैन, दिनेश मीणा, राजूलाल मीणा, वालिंग पटेल, किशोर पंड्या, कालू मीणा और लीलाराम सुथार सहित नयागांव के ग्रामीण मौजूद रहे।