पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए सलूंबर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान गति पकड़ रहा है। कहीं क्विज प्रतियोगिता के जरिए निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है, तो कहीं नाटक और रोल प्ले के माध्यम से मतदान का महत्व समझाया जा रहा है। शिक्षण संस्थानों में आयोजित इन गतिविधियों के जरिए छात्रों को न केवल जागरूक मतदाता बनने, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। जिले में आगामी 3 एवं 5 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद के निर्देशन में स्वीप गतिविधियां आयोजित की हैं। संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों एवं स्वीप प्रकोष्ठ के मार्गदर्शन में पंचायत समिति सलूंबर क्षेत्र की ग्राम पंचायतों और शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का महत्व बताया जा रहा है। 23 अक्टूबर को राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल गुड़ में मतदाता जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें छात्रों को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतंत्र में मतदाताओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। राजकीय हाड़ारानी स्नातकोत्तर कॉलेज, सलूंबर में सहायक आचार्य राकेश डबगर एवं डॉ.उत्तम कुमार के मार्गदर्शन में क्विज प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को निर्वाचन से जुड़ी सामान्य जानकारी देने और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उनकी समझ विकसित करने का प्रयास किया गया। बी.एन. गर्ल्स कॉलेज में छात्रों ने रोल प्ले के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। जिले में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना, मतदान से संबंधित भ्रांतियों को दूर करना और मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जागरूकता का माहौल तैयार करना है। शिक्षण संस्थानों में क्विज, रोल प्ले और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे स्वयं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के साथ अपने परिवार और समाज में भी मतदान का संदेश पहुंचा सकें। निर्वाचन विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों और शिक्षण संस्थानों में स्वीप गतिविधियों का आयोजन कर मतदाताओं को लोकतंत्र में उनकी भूमिका और मताधिकार के महत्व से अवगत कराया जा रहा है।