सलूंबर के राजमहल प्रांगण में शरद चंद्रिका महोत्सव-2026 और गरबा रास हुआ। चांदनी और रोशनी से जगमगाते प्रांगण में गरबा-डांडिया देर रात से भोर तक चला। पारंपरिक कपड़ों में आए प्रतिभागियों ने संगीत की धुनों पर गरबा किया। महोत्सव में भक्ति, मेवाड़ी लोक संस्कृति और सामाजिक एकता की झलक दिखी। पारंपरिक तरीके से ठाकुरजी का स्वागत महोत्सव की शुरुआत द्वारकाधीश ठाकुर के विग्रह स्वरूप की अगवानी से हुई। नगर सभापति नरेश कुमार जैन, उपसभापति डॉ. लव कुमार व्यास, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और सिद्धिविनायक ग्रुप के सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से ठाकुरजी का स्वागत किया। मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद ने ठाकुरजी की आरती की। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद कलेक्टर, सभापति और उपसभापति ने डांडिया खेलकर गरबा रास शुरू किया। रंग-बिरंगे पारंपरिक कपड़ों में युवक-युवतियों, महिलाओं और परिवारों ने हिस्सा लिया। चांदनी और रोशनी की सजावट से प्रांगण जगमगा रहा था। कलेक्टर मुहम्मद जुनैद ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन समाज में सद्भाव, भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की भागीदारी से लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का मौका मिलता है। सभापति नरेश कुमार जैन और उपसभापति डॉ. लव कुमार व्यास ने महोत्सव को सलूंबर की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक भागीदारी का प्रतीक बताया। 56 प्रतिभागियां को सम्मानित महोत्सव में बेस्ट कपल, बेस्ट डांसर और बेस्ट ड्रेस सहित अलग-अलग श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 56 प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजक एस. चौहान ने यह जानकारी दी।