सलूंबर जिले में जिला परिषद के 21 वार्डों के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। झल्लारा क्षेत्र के देवगांव निवासी निर्दलीय प्रत्याशी मेगालाल ने अपना नामांकन पत्र जमा कराया। नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारू बनाने के लिए जिला कलेक्ट्रेट में हेल्प डेस्क,अलग-अलग काउंटर और सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद ने बताया कि जिला परिषद के प्रथम चुनाव के लिए लोक सूचना जारी कर दी गई है।इसके साथ ही प्रथम चरण में चुनाव होने वाली चार पंचायत समितियों लसाड़िया,सेमारी,सलूंबर और गिंगला के लिए भी लोक सूचना जारी की गई है। शेष तीन पंचायत समितियों झल्लारा,जयसमंद और सराड़ा के चुनाव के लिए लोक सूचना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी की जाएगी। हेल्प डेस्क पर मिलेगी फॉर्म और शपथ पत्र की जानकारी नामांकन के दौरान प्रत्याशियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो,इसके लिए कलेक्ट्रेट में प्रवेश करते ही हेल्प डेस्क बनाई गई है। यहां नामांकन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज,फॉर्म और शपथ पत्र सहित अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी नामांकन संबंधी रसीद जमा करने के लिए भी अलग काउंटर स्थापित किया गया है। नामांकन पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में स्वीकार किए जाएंगे।प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया गया है,ताकि पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। प्रत्याशी के साथ अधिकतम पांच लोगों को प्रवेश नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। जिला कलेक्टर ने बताया कि नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ अधिकतम पांच लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा।निर्धारित समय दोपहर 3 बजे तक ही नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे।अवकाश के दिन नामांकन नहीं होगा। कलेक्ट्रेट परिसर में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के वाहनों की पार्किंग के लिए हेलीपैड के पास स्थान निर्धारित किया गया है।वहां वाहन खड़े करने के बाद लोगों को पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचना होगा।प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों और समर्थकों से निर्धारित नियमों की पालना करने की अपील की है।