सलूंबर कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने अवैध क्लिनिक के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक योग्यता के संचालित हो रहे क्लिनिक, फार्मेसी, आयुर्वेदिक-एलोपैथिक केंद्र, सोनोग्राफी और एक्स-रे सेंटरों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इसके तहत "ऑपरेशन शटर डाउन" अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टर्स और अवैध मेडिकल गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाना है। इस अभियान की निगरानी जिला स्तर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर करेंगे। प्रत्येक ब्लॉक में एसडीएम के नेतृत्व में एक संयुक्त प्रवर्तन टीम गठित की जाएगी। इस टीम में चिकित्सा विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर, पुलिस, राजस्व विभाग, विकास अधिकारी और नगर परिषद के अधिकारी शामिल होंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना डिग्री और पंजीकरण के क्लिनिक चलाने वालों पर एफआईआर दर्ज कर तत्काल संस्थान सील किया जाएगा। इसके अलावा, मेडिकल स्टोरों पर लाइसेंस और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री की जांच की जाएगी। सोनोग्राफी और एक्स-रे सेंटरों पर पीएनडीटी एक्ट सहित सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करवाया जाएगा। जिला प्रशासन ने आमजन से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। कोई भी व्यक्ति अवैध चिकित्सा गतिविधियों की सूचना जिला कंट्रोल रूम 02906-294900 पर दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान की दैनिक रिपोर्ट "ऑपरेशन शटर डाउन" सेल को भेजी जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सलूम्बर में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर चल रहे अवैध कारोबार पर प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से आमजन को सुरक्षित और सही चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।