सलूम्बर जिला मुख्यालय के चुंगी नाका क्षेत्र में दिनदहाड़े एक दुकान से चोरी की वारदात सामने आई। चोरों ने दुकान में बैठे बुजुर्ग दम्पति से सामान लेने के बहाने फोन चुरा कर यूपीआई के जरिए करीब 18 हजार रुपए निकाल लिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकान मालिक प्रवीण जैन ने बताया - चुंगी नाका स्थित दुकान पर मेरे माता-पिता शोभाग्यमल मालवी और लेहरीबाई बैठे थे। शनिवार शाम करीब 5 बजे दो बदमाश ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने कुछ सामान खरीदा और ऑनलाइन पेमेंट करने का बहाना बनाया। देखिए घटना से जुड़ी PHOTOS पेमेंट चेक करने के बहाने देखा पिन इसके बाद चोरों ने दुकानदार से कहा कि उन्होंने पैसे ट्रांसफर कर दिए हैं, खाता चेक करने लें। जैसे ही शोभाग्यमल ने मोबाइल निकालकर यूपीआई पिन डाला, पास खड़े एक बदमाश ने चालाकी से पासवर्ड देख लिया। इसके बाद दूसरे चोर ने बातों में उलझाकर काउंटर पर रखा मोबाइल उठा लिया और मौके से फरार हो गए। दम्पति को मोबाइल चोरी का पता लगने पर देखा तो बैंक अकाउंट से 18 हजार रुपए गायब थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।