सलूंबर के जयसमंद इलाके में लंबे समय से रुका सेमाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का निर्माण कार्य बुधवार को शुरू हो गया। भूमि विवाद के कारण अटके इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को प्रशासन की सख्ती और ग्रामीणों की समझाइश के बाद गति मिली। राजस्व ग्राम मगराथोरी, पटवार हल्का सेमाल में इस PHC के निर्माण के लिए वर्षों पहले भूमि आवंटित की गई थी। हालांकि, जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. के निर्देश पर एसडीएम आकांक्षा दुबे के नेतृत्व में एक प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। इस टीम में डीएसपी, उपतहसीलदार जयसमंद, मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी और सलूम्बर थानाधिकारी सहित राजस्व व पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम की मौजूदगी में भूमि का विधिवत सीमांकन किया गया। सीमांकन के बाद चिकित्सा विभाग को जमीन का कब्जा सौंप दिया गया। ग्रामीणों से बातचीत और समझाइश के बाद मौके पर ही PHC निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस PHC के बनने से जयसमंद क्षेत्र और आसपास के गांवों के लोगों को अब बेहतर और नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे उन्हें इलाज के लिए दूरदराज के अस्पतालों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।