भरतपुर। एसजेपी मेडिकल कॉलेज भरतपुर के विद्यार्थियों ने पढ़ाई के साथ संगीत के मंच पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कॉलेज के 2023 बैच के छात्र सम्यक जैन ने आईआईटी रुड़की में आयोजित उत्तर भारत के बड़े फेस्ट ‘थॉम्सो ’26’ की ओपन माइक प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, कॉलेज के बैंड ‘धरा’ ने एम्स ऋषिकेश के वार्षिक फेस्ट ‘पायरेक्सिया ’26’ की बैटल ऑफ द बैंड्स प्रतियोगिता में रनर-अप रहकर कॉलेज का नाम रोशन किया। आईआईटी रुड़की में आयोजित थॉम्सो ’26 की ओपन माइक प्रतियोगिता में सम्यक जैन ने अपनी गायकी से निर्णायकों और दर्शकों के बीच पहचान बनाई और दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, एम्स ऋषिकेश में आयोजित पायरेक्सिया ’26 में बैंड ‘धरा’ ने अपनी संगीत प्रस्तुति से प्रभावित करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। बैंड में रौनक राणा, सम्यक जैन, स्पर्श श्रीवास्तव, सात्विक चोपड़ा और निहित गोयल शामिल हैं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विवेक भारद्वाज और उप-प्राचार्या डॉ. मोना नारायण के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से विद्यार्थियों ने ये उपलब्धियां हासिल कीं। दोनों सफलताओं से महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। कॉलेज प्रबंधन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।