मानासर स्थित संस्कार शाला में रविवार की साप्ताहिक गतिविधियों की कड़ी में नवरात्रि उत्सव आयोजित हुआ। बच्चों ने गरबा नृत्य की प्रस्तुतियों से माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया। संस्कार शाला की संचालिका डॉ. मंजू सारस्वत ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कन्या पूजन के महत्व, बालिकाओं के सम्मान और नारी शक्ति की गरिमा से परिचित कराना है, ताकि उनमें संवेदनशील संस्कार विकसित हों। उन्होंने बताया कि संस्था बच्चों में मोबाइल पर बढ़ती निर्भरता कम करने और भारतीय संस्कृति, परंपराओं, खेल तथा धार्मिक शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निशुल्क गतिविधियां संचालित कर रही है। शिक्षाविद पुष्पलता व्यास के मार्गदर्शन में बच्चों ने ताल-लय के साथ गरबा किया। कार्यक्रम में अभिभावक भी शामिल हुए और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।