चित्तौड़गढ़ के सांवरिया सेठ मंदिर में एक भक्त ने सोने का दिल भेंट किया है। 21 ग्राम सोने से तैयार इस अनोखी भेंट की कीमत 3 लाख रुपए से ज्यादा है। श्रद्धालु ने हार्ट की बीमारी से जूझ रहा था। उसने भगवान से सही इलाज और ऑपरेशन सफल होने की कामना की थी। ऑपरेशन के बाद स्वस्थ होने पर श्रद्धालु सांवरियाजी मंदिर पहुंचा। मंदिर मंडल के गजेंद्र गौड़ ने बताया कि जालोर से आए श्रद्धालु ने भेंट कक्ष में सोने का दिल भेंट किया है। भक्त ने अपनी पहचान नहीं बताई। श्रद्धालु चढ़ाते हैं अनोखी भेंट कृष्णधाम सांवरियाजी में श्रद्धालुओं की आस्था कई रूपों में देखने को मिलती है। यहां आने वाले भक्त अपनी मनोकामना पूरी होने के बाद भगवान को अपनी श्रद्धा के अनुसार अलग-अलग तरह की चीजें भेंट करते हैं। कोई व्यापार में सफलता मिलने पर भगवान को धन्यवाद देने पहुंचता है तो कोई नौकरी लगने, शादी होने या परिवार में खुशियां आने के बाद भेंट चढ़ाता है। सांवरा सेठ के दीवाने, चांदी का क्या-क्या किया भेंट.. 3.370 किलो चांदी के शोरूम भेंट किए 22 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के ज्वेलरी कारोबारी भक्त ने सांवरा सेठ के दरबार में चांदी के 2 शोरूम भेंट किए। चार मंजिला चांदी के इन शोरूम का कुल वजन 3.370 किलोग्राम है। इस्तेमाल की गई चांदी की मार्केट वैल्यू करीब 7 लाख रुपए है। कारोबारी के दो नए शोरूम रायपुर (छत्तीसगढ़) और वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में बने हैं। इसी खुशी में सांवरा सेठ को ये भेंट अर्पित की गई। भगवान के नाम की डेढ़ करोड़ की जमीन 25 जुलाई 2026 को डूंगरपुर के आसपुर के रहने वाले किसान अमरजी पाटीदार ने 1.50 करोड़ की 10.15 बीघा जमीन सांवलिया सेठ के नाम कर दी। इसके साथ ही अपने मकान की रजिस्ट्री भी सांवरिया सेठ के नाम करने का स्टांप मंदिर प्रशासन को सौंपा। इसकी प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद जमीन और मकान भगवान के नाम हो गए। बेटे से जुड़ी मनोकामना पूरी हुई, चांदी की सिल्लियां दी 22 जुलाई 2026 को मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोहनगंज क्षेत्र निवासी श्रद्धालु ने 11 किलो 400 ग्राम वजन चांदी की 19 सिल्लियां भेंट कीं। उस समय इनकी बाजार कीमत करीब 25 लाख 65 हजार रुपए आंकी गई। मंदिर प्रशासन के अनुसार, उसने बेटे से जुड़ी एक मनोकामना मांगी थी। मन्नत पूरी होने पर सांवरिया सेठ को भेंट चढ़ाई। हार्ट की बायपास सर्जरी सफल होने पर चांदी का दिल भेंट किया 20 मई 2026 को सांवरियाजी निवासी बालमुकुंद तिवारी ने भगवान को चांदी का दिल भेंट किया था। उन्होंने हार्ट की बायपास सर्जरी सफल होने की मन्नत मांगी थी। मनोकामना पूरी होने पर परिवार के साथ नाचते-गाते हुए सांवरिया सेठ के दरबार में पहुंचा और सांवरिया सेठ को चांदी का दिल और चांदी से बना ट्यूबवेल भेंट किया। परिवार के लोगों ने शोभायात्रा भी निकाली और मंदिर में भेंट अर्पित की। कारोबारी के बेटे के अच्छे नंबर आए, चांदी की किताब चढ़ाई 16 मई 2026 को बर्तन कारोबारी सुनील काबरा निवासी सांवरियाजी के बेटे चिन्मय ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) 12वीं कॉमर्स में 97 प्रतिशत नंबर के साथ स्कूल में टॉप किया। राजभोग आरती के समय सुनील काबरा ने भगवान को किताब चढ़ाई। जेल जाने का डर था, मन्नत पूरी होने पर हथकड़ी भेंट की 3 जून 2026 को चित्तौड़गढ़ के बागुंड स्थित प्राकट्य स्थल सांवरिया मंदिर में एक भक्त ने अपनी मन्नत पूरी होने पर 50 ग्राम चांदी से बनी हथकड़ी भगवान को भेंट की थी। भक्त का कहना था कि उसे एक मामले में हथकड़ी लगने का डर था, लेकिन उसने सांवरिया सेठ से प्रार्थना की और बाद में वह उस स्थिति से बच गया। मनोकामना पूरी होने पर उसने चांदी की हथकड़ी बनवाकर भगवान के चरणों में अर्पित कर दी। पेट्रोल पंप का सपना पूरा होने पर चढ़ाया चांदी का पंप 6 जुलाई 2025 को बिजनेसमैन मांगीलाल जारोली निवासी डूंगला (चित्तौड़गढ़) ने मनोकामना पूरी होने पर चांदी से बने पेट्रोल पंप की मशीन की प्रतिकृति सांवरिया सेठ मंदिर में भेंट की थी। मांगीलाल ने साल 1958 में पेट्रोल पंप का सपना देखा था, लेकिन यह सपना 2025 में जाकर पूरा हुआ। बड़ी सादड़ी क्षेत्र में 'श्री सांवलिया सेठ फिलिंग स्टेशन' के नाम से 6 जनवरी 2025 को पेट्रोल पंप भी शुरू किया था। ये खबर भी पढ़ें बिजनेसमैन ने सांवरिया सेठ को चढ़ाया ट्रैक्टर:शोरूम भी भगवान के नाम से, मुनाफे का हिस्सा दिया; बोले-सबकुछ इन्हीं की वजह से चित्तौड़गढ़ के एक बिजनेसमैन ने सांवरिया सेठ को महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर चढ़ाया है। शुक्रवार को वे परिवार के साथ पहुंचे थे। जहां जिले के बबराना निवासी बिजनेसमैन गोविंदलाल विजयवर्गीय ने अपने परिवार के साथ पूजा की और ट्रैक्टर की चाबी मंदिर मंडल को सौंपी। इस ट्रैक्टर की कीमत करीब 7 लाख 11 हजार रुपए है। (पूरी खबर पढ़ें)