दीपावली नजदीक आते ही सपोटरा के बाजारों में यातायात व्यवस्था चरमराने लगी है। फुटपाथ पर अतिक्रमण, सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहन और बेसहारा गोवंश के कारण आए दिन जाम के हालात बन रहे हैं। इससे बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजारों में सब्जी और फल बेचने वाले ठेले फुटपाथ पर आड़े-तिरछे खड़े रहते हैं। इससे पैदल चलने वालों के लिए जगह कम पड़ जाती है और उन्हें सड़क पर चलना पड़ता है। वहीं, कई वाहन सवार सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। दुकानदारों का कहना है कि वाहन हटाने के लिए कहने पर कई बार लोग विवाद करने लगते हैं। ऐसे में बाजार में जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। समझाइश के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्था थाना अधिकारी अबजीत मीणा की ओर से दुकानदारों को कई बार समझाइश दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जाम की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके अलावा बाजार में यातायात नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से भी परेशानी बढ़ रही है। गोवंश से हादसों का खतरा बाजार की सड़कों पर घूमते बेसहारा गोवंश के कारण भी दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। त्योहार के चलते बाजारों में खरीदारों और वाहनों की आवाजाही बढ़ने से स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। शहरवासियों ने प्रशासन से फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने, बेतरतीब पार्किंग पर रोक लगाने, बेसहारा गोवंश को हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है, ताकि दीपावली के दौरान लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।